प्रयागराज में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने महिला की मौत, 20 मजदूर घायल

-धान की रोपाई के लिए जा रहे थे मजदूर

प्रयागराज में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने महिला की मौत, 20 मजदूर घायल

प्रयागराज, 21 अगस्त । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में सुरवल साहनी गांव के पास शुक्रवार सुबह धान की रोपाई के लिए मजदूरों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हाे गई, जबकि 20 मजदूर घायल हैं। पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि हादसे में कमला देवी (35) की मौत हुई है। 20 मजदूर घायल हुए, जिनमें चार महिलाओं की हालत गंभीर हैं। हादसा शंकरगढ़ की नारीबारी चौकी क्षेत्र में सुरवल साहनी गांव के पास हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में मजदूर सवार हाेकर धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। अचानक ट्रॉली पलटने से उसमें सवार मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। हादसे के बाद यातायात व्यवस्था को भी सामान्य कराया गया। घटना की जांच के साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार मजदूरों की संख्या और हादसे के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।