प्रयागराज: तेज रफ्तार ऑटो खंभे से टकराई, कैंटीनकर्मी युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
मनौरी के पास भीषण सड़क हादसा, सुलेम सराय के आयुष की गई जान
प्रयागराज, 22 अप्रैल । प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र स्थित मनौरी के पास मंगलवार देर रात एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेम सराय बाजार निवासी आयूष यादव (23) की मौत हुई है। परिवार के लोगों ने बताया कि वह बमरौली कैंटीन में काम करके दो बहनों और मां अंजू यादव का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को वह ऑटो में बैठकर मनौरी स्थित कैंटीन जाने के लिए निकला। तेज रफ्तार चल रही ऑटो अचानक एक खम्भे में जा टकराई। हादसे में आयूष यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फिर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार के लोग उसे खोजते हुए बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पहचान किया। परिवार की तहरीर पर पूरामुफ्ती थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की।