प्रयागराज में प्लास्टिक बैंक की पहल, छात्र-छात्राओं ने लिया स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त परिसर का संकल्प
एनी बेसेंट गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज में नगर निगम ने स्थापित किया प्लास्टिक बैंक, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
प्रयागराज, 05 नवंबर स्वच्छ दिवाली, शुभ दिवाली अभियान के तहत नगर निगम प्रयागराज की ओर से जोन-04 के वार्ड संख्या-32 स्थित एलनगंज के एनी बेसेंट गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज में प्लास्टिक बैंक की स्थापना की गई। इस पहल का उद्देश्य प्लास्टिक कचरे का उचित संग्रहण और पुनर्चक्रण सुनिश्चित करने के साथ ही विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर नगर निगम की सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) टीम ने विद्यालय के स्वच्छता सारथी क्लब के सदस्यों के साथ जागरूकता अभियान चलाया। विद्यार्थियों को कचरे के उचित संग्रहण और चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और उसके स्थान पर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्लास्टिक बैंक की स्थापना के बाद छात्र-छात्राओं ने स्वयं उसमें प्लास्टिक कचरा जमा किया। उन्हें बताया गया कि एकत्रित प्लास्टिक का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण कैसे किया जाता है। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ ही अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने का संकल्प लिया।
समाजसेवी आरके तिवारी उर्फ दुकान जी ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इससे निपटने के लिए केवल नगर निगम के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बच्चों को स्वच्छता और प्लास्टिक कचरे के सही निस्तारण के प्रति जागरूक करना सराहनीय पहल है। बच्चे इस संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाकर समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने अपील की कि प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय प्लास्टिक बैंक में जमा करें और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने का प्रयास करें। संदेश : प्लास्टिक नहीं फैलाएंगे, प्लास्टिक बैंक में पहुंचाएंगे।