नीलम करवरिया कप में शहर पश्चिमी और फूलपुर की जीत, सागर शर्मा का नाबाद अर्धशतक
शहर पश्चिमी ने सोरांव को 4 विकेट से हराया, फूलपुर ने गत विजेता शहर उत्तरी को 7 विकेट से दी शिकस्त; विशाल यादव ने झटके 4 विकेट
प्रयागराज : नीलम करवरिया कप में शहर पश्चिमी और फूलपुर की शानदार जीत
सागर शर्मा का नाबाद अर्धशतक, विशाल यादव ने चार विकेट लेकर शहर उत्तरी को 53 रन पर समेटा
प्रयागराज, 10 अक्टूबर (हि.स.)। संगम नगरी प्रयागराज में नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण का शनिवार को केपी कॉलेज मैदान पर शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन शहर पश्चिमी और फूलपुर विधानसभा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। उद्घाटन मैच में शहर पश्चिमी ने सोरांव को चार विकेट से हराया, जबकि फूलपुर ने गत विजेता शहर उत्तरी को सात विकेट से शिकस्त दी। शहर पश्चिमी की जीत के नायक सागर शर्मा रहे, जिन्होंने नाबाद अर्धशतक लगाने के साथ दो विकेट भी लिए। वहीं, फूलपुर के विशाल यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सोरांव विधानसभा की टीम 19.3 ओवर में 95 रन बनाकर आउट हो गई। हर्षित नारायण तिवारी ने 24, अनिकेत सिंह ने 16 और विकास कुमार ने 12 रन बनाए। शहर पश्चिमी की ओर से आतिफ साजिद और मोहम्मद तैमूर ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि सागर शर्मा ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शहर पश्चिमी की टीम ने 15.5 ओवर में छह विकेट खोकर 96 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। सागर शर्मा ने 44 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। आतिफ साजिद ने 26 रन का योगदान दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए सागर शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें साक्षी करवरिया ने पुरस्कृत किया।
दूसरे मुकाबले में फूलपुर के गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी शहर उत्तरी की टीम 16.2 ओवर में महज 53 रन पर सिमट गई। रोहित राज पाल ने 17 और अंशुमान पांडेय ने 16 रन बनाए। फूलपुर के विशाल यादव ने 3.2 ओवर में 11 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि जितेंद्र यादव ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। 54 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फूलपुर की टीम ने 9.2 ओवर में तीन विकेट पर 54 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की। मयंक दुबे 13 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अथर्व प्रजापति ने 10 रन बनाए। शानदार गेंदबाजी के लिए विशाल यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें केबी काला ने पुरस्कार प्रदान किया।
इससे पहले मुख्य अतिथि पूर्व विधायक उदय भान करवरिया और विशिष्ट अतिथि देवेश मिश्र तथा केबी काला ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर गौरव करवरिया, वैभव करवरिया, साक्षी करवरिया, मोहम्मद आसिफ, सोमेश्वर पांडेय, परवेज आलम, अजय कुशवाहा और मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पहले मैच में शिशिर मेहरोत्रा और राहुल सिंह तथा दूसरे मैच में राहुल सिंह और अरुण कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई। दोनों मुकाबलों में प्रितेश सोनकर और अंकित पांडेय ने स्कोरिंग की।