प्रयागराज में महापौर का बड़ा एक्शन! नालों पर कब्जा किया तो टूटेगा निर्माण, भूमाफियाओं पर होगी FIR
नालों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई : महापौर
प्रयागराज, 23 अगस्त । जलभराव के मूल कारण को समाप्त करने के लिए नालों पर अतिक्रमण कर मकान या अन्य निर्माण करने वालों के खिलाफ अब नगर निगम ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। वहीं नाले की जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर उसे बेचने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। रविवार को महापौर गणेश केसरवानी ने जोन-01 के विभिन्न वार्डों में नालों की साफ-सफाई, जल निकासी और वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति का व्यापक निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया।

महापौर ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। नालों और नालियों की सफाई के साथ जहां भी जल निकासी में बाधा है, उसे दूर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नालों की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि जिन लोगों ने नालों पर अतिक्रमण किया है, वे स्वयं उसे हटा लें। ऐसा नहीं करने पर नगर निगम द्वारा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि नाले की भूमि पर अवैध प्लाटिंग कर जमीन बेचने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
कई इलाकों में नालों और पुलियों की स्थिति देखी
निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्ड-99 करैली में 60 फीट रोड स्थित बाबा मार्केट से शालीमार गेस्ट हाउस के पास नाले और पुलिया की स्थिति देखी। इसके बाद वार्ड-74 बेनीगंज में राशिद किराना स्टोर से नूरी मस्जिद तक नाले का निरीक्षण किया।

वार्ड-54 राजरूपपुर में सूबेदारगंज स्टेशन से पार्षद आवास, वहां से पूर्वांचल चौराहा होते हुए पार्षद गली तक जाने वाले प्रजापति नाले की स्थिति का जायजा लिया। जफीरी कॉलोनी में जैन मंदिर से नाज हॉस्पिटल के पीछे तक नाले का भी निरीक्षण किया गया।
वार्ड-71 ओम प्रकाश सभासद नगर में कालिंदीपुरम तथा कसारी-मसारी पावर हाउस से गंगा कॉन्वेंट स्कूल तक नाले की स्थिति देखी गई। श्री दुर्गा माता मंदिर से सैनिक बाल विकास इंटर कॉलेज तक नाला, नाली और पुलिया का भी निरीक्षण किया गया।
वार्ड-96 शम्स नगर के करैली 16 मार्केट में मुन्ना हलवाई के पीछे, दुल्हन पैलेस के पीछे घाघर नाले के साथ अबूबकर मस्जिद और मैक टाउन क्षेत्र में जलभराव एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पार्षद मिथिलेश सिंह, दिग्विजय कुशवाहा, गुलाब सिंह पटेल, हाजी सलामत उल्ला, रिजवाना फजल खान, सत्येंद्र बहादुर सिंह, ए.के. सिंह, टी.एन. दीक्षित, विवेक मिश्रा, अनिल मौर्या और राकेश कुमार विश्वकर्मा समेत नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।