प्रयागराज में जूस की दुकान पर विवाद, विहिप ने दुकानदारों के नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की

विहिप गोरक्षा के प्रांत मंत्री ने प्रशासन को दिए पत्र पर कार्रवाई की मांग, निष्पक्ष जांच की अपील

प्रयागराज में जूस की दुकान पर विवाद, विहिप ने दुकानदारों के नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की

प्रयागराज, 18 अगस्त । विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा के काशी प्रांत मंत्री लालमणि तिवारी ने सोमवार को आरोप लगाया कि सावन माह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ दुकानदार बिना स्पष्ट नाम और पहचान प्रदर्शित किए जूस व अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानें चला रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से ऐसी दुकानों की जांच कराकर दुकानों पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लोगों में किसी तरह का भ्रम नहीं रहेगा और शहर की शांति व्यवस्था भी बनी रहेगी।

लालमणि तिवारी के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में 30 जुलाई को पुलिस उपायुक्त नगर और अपर जिलाधिकारी नगर को पत्र देकर दुकानों की जांच कराने तथा संचालकों के नाम बड़े बोर्ड पर प्रदर्शित कराने की मांग की थी। उनका आरोप है कि अब तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई।


उन्होंने बताया कि सोमवार को कीडगंज पुलिस बूथ चौराहे के पास मनकामेश्वर मंदिर दर्शन के लिए जा रहे कुछ कांवड़िए एक जूस एवं फ्रूट की दुकान पर रुके थे। आरोप है कि दुकान संचालक की पहचान को लेकर जानकारी मिलने के बाद वहां विवाद की स्थिति बन गई। लालमणि तिवारी का दावा है कि दुकान पर नाम का बोर्ड नहीं होने को लेकर पूछताछ करने पर कहासुनी हुई और मामला बढ़ गया।

उनके मुताबिक, विवाद की सूचना मिलने पर मकान मालिक दीप जायसवाल और उनके पुत्र ऋषभ जायसवाल को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और धमकी दी गई। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। कुछ देर बाद कीडगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा के प्रांत मंत्री ने जिला प्रशासन से मांग की कि शहर में बाहर से आकर संचालित की जा रही दुकानों की जांच कराई जाए और नियमानुसार दुकानदारों के नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे ग्राहकों को दुकान संचालक की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।

उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की। इस दौरान पदुम जायसवाल, विजय पांडेय, लवलेश बजरंगी, अमरनाथ सहित स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

लालमणि तिवारी, प्रांत मंत्री, विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा, काशी प्रांत ने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर में आते हैं। ऐसे में दुकानों के संचालकों के नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होने चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।