झूंसी में गंगा स्नान के दौरान दो छात्रों की डूबने से मौत, गोताखोरों और NDRF ने बरामद किए शव

सोहम आश्रम के पास गंगा में नहाते समय गहरे पानी में चले गए थे दोनों छात्र; तीसरे साथी ने पुलिस को दी सूचना, मौके पर पहुंची जल पुलिस और गोताखोरों की टीम।

झूंसी में गंगा स्नान के दौरान दो छात्रों की डूबने से मौत, गोताखोरों और NDRF ने बरामद किए शव

प्रयागराज, 06 सितंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाना क्षेत्र के सोहन आश्रम के पास रविवार को गंगा स्नान करते समय दो छात्र डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने गोताखोर एवं एनडीआरएफ की टीम ने दोनों को खोज निकाला। लेकिन काफी देर हो चुकी थी। दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी । इस संबंध में पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि हादसे में झूंसी थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी योजना-3 निवासी रुद्र प्रताप सिंह (15)पुत्र रविकांत सिंह ,अर्पण विश्वास (14)पुत्र अरुण विश्वास की डूबने से जान चली गई। डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि रुद्र प्रताप सिंह (15)पुत्र रविकांत सिंह ,अर्पण विश्वास (14)पुत्र अरुण विश्वास और इसी थाना क्षेत्र के देवनगर निवासी सुमित (15) पुत्र मनोज कुमार यादव तीनों छात्र हाईस्कूल की ए.के. सिंह क्लासेस में कोचिंग करते थे। रविवार को कोचिंग कुछ समय पहले बंद हाे गई। इससे तीनों बच्चे सोहम आश्रम के पास गंगा नहाने चले गए। नहाते समय रुद्र प्रताप सिंह तथा अर्पण विश्वास जल में उतर गए थे, जबकि सुमित बाहर खड़ा था। जब दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देखते ही सुमित ने पुलिस को सूचना दी। तत्काल सक्रियता से पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने तत्काल जल पुलिस और गोताखोर के सहयोग से दोनों बच्चों को खोज निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों मृत मिले, इस संबंध में पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।