प्रयागराज : जेई के बेटे का अपहरण मामला,तीन आरोपित गिरफ्तार

 प्रयागराज : जेई के बेटे का अपहरण मामला,तीन आरोपित गिरफ्तार

 प्रयागराज : जेई के बेटे का अपहरण मामला,तीन आरोपित गिरफ्तार

प्रयागराज, 23 अगस्त । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाना क्षेत्र से जेई के बेटे के अपहरण मामले का खुलासा पुलिस ने रविवार काे कर दिया। मामले में धूमनगंज थाना पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े आरोपितों के कब्जे से छह कारतूस और दो पिस्टल बरामद की गई हैं।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि झूंसी थाना क्षेत्र से 21 अगस्त काे रेलवे के अवर अभियंता (जेई) शिवम सिंह के बेटे शुभम सिंह के अपहरण का मामला प्रकाश में आया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आराेपिताें की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में धूमनगंज पुलिस ने तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आराेपिताें में चकमुंडेरा निवासी नामजद शिबु उर्फ शुभम केसरवानी के अलावा महिला ग्राम निवासी आलोक कुमार और विकास भारतीया उर्फ डिग्गल हैं। आरोपिताें के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा .315 बोर का अवैध तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर धूमनगंज थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और विधिक कार्रवाई कर रही है।

डीसीपी नगर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आराेपिताें से जानकारी मिली कि पीड़ित शुभम सिंह और आरोपित शिबु आपस में दाेस्त हैं। दोनों के बीच पहले से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़ित के पिता शिवम सिंह ने झूंसी पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बेटे शुभम सिंह को आरोपिताें द्वारा जबरन कार में बैठाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन के मुताबिक, युवक को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने आरोपितों की तलाश कर तीनों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए। मामले में आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्हाेंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित शिबु उर्फ शुभम केसरवानी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में वर्ष 2025 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सागर, हेड कांस्टेबल सत्येन्द्र प्रकाश मौर्या और आरक्षी आलोक कुमार शामिल रहे।