प्रयागराज में चिराग पासवान ने युवाओं के अधिकारों पर उठाई आवाज, राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग

‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार और राजनीति में युवाओं की भागीदारी पर अपने विचार रखे।

प्रयागराज में चिराग पासवान ने युवाओं के अधिकारों पर उठाई आवाज, राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग

प्रयागराज, 27 सितंबर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को प्रयागराज के परेड मैदान में आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं की बड़ी आबादी है, इसलिए उनके अधिकारों, रोजगार और भविष्य से जुड़े विषयों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की आवश्यकता जताई और कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनने पर युवा आयोग के माध्यम से युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। कार्यक्रम को पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

चिराग पासवान ने कहा कि युवाओं के अधिकारों की जानकारी उन्हें स्वयं होनी चाहिए और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के बार-बार निरस्त होने से युवाओं को आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ती है। परीक्षा केंद्र दूर होने पर अभ्यर्थियों को यात्रा, ट्रेन और अन्य खर्च उठाने पड़ते हैं। ऐसी व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता है, जिससे युवाओं को अनावश्यक परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि सरकारों की जिम्मेदारी है कि युवाओं के लिए रोजगार और सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करें। निजी कंपनियों द्वारा मनमाने तरीके से शुल्क वसूले जाने की शिकायतों पर भी ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।

चिराग पासवान ने युवाओं से नौकरी पाने वाले के साथ नौकरी देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने कौशल और विचारों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा करें। पैकेजिंग, स्वरोजगार और छोटे उद्यमों के माध्यम से युवा स्वयं आगे बढ़ने के साथ अपने साथियों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं की राजनीति में भागीदारी भी जरूरी है। इंजीनियर, चिकित्सक, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले युवा राजनीति में आएंगे तो अपने अनुभव और ज्ञान के आधार पर नीतियों और व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दे सकेंगे।

कार्यक्रम में चिराग पासवान ने युवाओं से संवाद करते हुए रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और उनके अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। प्रयागराज में आयोजित यह कार्यक्रम ‘यूथ बोले तो’ श्रृंखला के तहत युवाओं से सीधे संवाद का हिस्सा था।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्विनी श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष युवा शिवम मिश्रा सहित कौशाम्बी, प्रयागराज सहित आस पास जिलों से कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने मीडिया से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर हम चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और प्रत्याशी उतारेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगम की धरती से चुनावी बिगुल फूंकते हुए युवाओं को जुड़ने के लिए आह्वान किया है।