उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारी कल्याण के दावे होंगे ऑनलाइन, महाप्रबंधक ने शुरू किया ‘सेवा’ पोर्टल

चश्मे की प्रतिपूर्ति और बच्चों की छात्रवृत्ति के आवेदन से लेकर स्वीकृति तक की प्रक्रिया होगी डिजिटल, कर्मचारी घर बैठे देख सकेंगे आवेदन की स्थिति

उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारी कल्याण के दावे होंगे ऑनलाइन, महाप्रबंधक ने शुरू किया ‘सेवा’ पोर्टल

प्रयागराज, 13 अक्टूबर  उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए ‘सेवा’ पोर्टल शुरू किया गया है। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में कर्मचारी कल्याण आवेदन स्वीकृति पोर्टल का शुभारंभ किया। इससे कर्मचारी कल्याण कोष से संबंधित आवेदन जमा करने, उनकी जांच और स्वीकृति की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी होगी। कागजी फाइलों की आवाजाही कम होने से कामकाज में तेजी आएगी और लंबित मामलों का निस्तारण आसान होगा।

भारत सरकार के लंबित मामलों के निपटान के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुरू की गई यह पहल कार्यालयों को कागजों के बोझ से मुक्त करने और डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पोर्टल के माध्यम से कर्मचारी अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकेंगे। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को अपने दावों की जानकारी के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

तीन योजनाओं के आवेदन की सुविधा

शुरुआती चरण में ‘सेवा’ पोर्टल पर कर्मचारी कल्याण कोष की तीन योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें चश्मे की प्रतिपूर्ति तथा कर्मचारियों के बच्चों के लिए तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा की छात्रवृत्ति शामिल हैं। कर्मचारी अपने मोबाइल नंबर और एक बार इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड (ओटीपी) के माध्यम से पोर्टल पर प्रवेश कर सकेंगे। आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।

आवेदन जमा करने से पहले पोर्टल पर निर्धारित नियमों के अनुसार पात्रता की जांच होगी। इससे आवेदन में होने वाली गलतियों को कम करने और मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित होने से बचाने में मदद मिलेगी। आवेदन की स्थिति को प्रत्येक स्तर पर देखा जा सकेगा। संबंधित अधिकारियों की स्वीकृति डिजिटल हस्ताक्षर टोकन या ओटीपी के माध्यम से होगी। इसके बाद पोर्टल बैंक भुगतान से संबंधित विवरण और लंबित मामलों की रिपोर्ट भी तैयार करेगा। पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।

आईटी सेल ने किया पोर्टल का विकास

‘सेवा’ पोर्टल का डिजाइन और विकास उत्तर मध्य रेलवे के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ (आईटी सेल) ने किया है। मुख्य प्रबंधक सूचना प्रौद्योगिकी तरुण कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में इस काम को पूरा किया गया। इसमें आशीष कुमार, अमित कुमार और अनिल कुमार पटेल का विशेष योगदान रहा।

शुभारंभ के अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आईटी सेल की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोर्टल से कर्मचारियों को पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी। कागजी फाइलों की आवाजाही समाप्त होने से कार्यालयों में स्वच्छता और व्यवस्थित कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे रेलवे की कार्मिक संबंधी प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। यह पोर्टल जल्द ही पूरे रेलवे नेटवर्क के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

उमरे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय बताया कि सेवा’ पोर्टल से कर्मचारी कल्याण संबंधी आवेदनों के निस्तारण में तेजी आएगी। ऑनलाइन आवेदन, पात्रता की जांच और स्वीकृति की व्यवस्था से कामकाज अधिक पारदर्शी और सुगम होगा। इससे कर्मचारियों को सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी और लंबित मामलों को कम करने में मदद मिलेगी।