उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में स्वच्छता अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने जुटाया 250 किलो कचरा
सूबेदारगंज स्थित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान के तहत श्रमदान किया गया। अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
प्रयागराज, 01 अक्टूबर। स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक कार्यप्रणाली और व्यवहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
यह बात गुरुवार को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, सूबेदारगंज में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के तहत आयोजित ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ श्रमदान अभियान के दौरान उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने कहा।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ और स्वस्थ कार्य वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देश पर आयोजित अभियान में अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने श्रमदान का नेतृत्व किया। इस दौरान प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यालय परिसर में चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान करीब 250 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया। एकत्र कचरे का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यस्थल तथा आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
अपर महाप्रबंधक ने कहा कि स्वच्छता के लिए केवल विशेष अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दैनिक कार्यों में स्वच्छता को प्राथमिकता देनी चाहिए। नियमित और सामूहिक प्रयासों से कार्यस्थल को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।
17 सितंबर से चल रहा पखवाड़ा
उत्तर मध्य रेलवे में 17 सितंबर से दो अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ मनाया जा रहा है। इसके तहत सभी मंडलों, कारखानों, इकाइयों और कार्यालयों में स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान का उद्देश्य सामूहिक भागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधक के मार्गदर्शन में पर्यावरण अनुभाग के समन्वय से किया गया।