भारत में सुशासन और सनातन का चल रहा अमृत काल : मुख्तार अब्बास नकवी
कांग्रेस निर्मित निर्देशित वोट चोरी का हारर शो जनता के बीच में टाॅय टाॅय फिस्स हो रहा: मुख्तार अब्बास नकवी
प्रयागराज, 19 मई । पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का मंगलवार को प्रयागराज आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस के सभागार में भव्य स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित पत्रकार बंधुओं से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में सुशासन और सनातन का अमृत काल चल रहा है। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वयोवृद्ध कांग्रेस निर्मित निर्देशित वोट चोरी का हारर शो जनता के बीच टाॅय टाॅय फिस्स हो रहा है। उनकी प्रजातंत्र को बंधक बनाने की सनक बिहार, पश्चिम बंगाल, असम के चुनाव में धाराशाई हुई है।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट भी किया और भाजपा नेता रामजी केसरवानी, राजेश केसरवानी से संगठन द्वारा चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यशाला महाभियान की चर्चा की और आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी धूलधूसरित होगी। आज भाजपा और उसके सहयोगी दलों का भारत की 78 प्रतिशत आबादी और 22 राज्यों में सुशासन का ध्वज फहर रहा है। जनता का जनादेश भाजपा के सुशासन का संकल्प और सनातन के सम्मान का परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा कि वैश्विक संकट के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में भारत को कामयाब सरकार और काबिल नेतृत्व मिला है। जो संकट में संकटमोचन बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने आए हर संकट के समाधान का प्रमाणित और प्रभावी परिणाम दिखाया है। वर्तमान वैश्विक संकट में भी सरकार समाज संयम समझदारी और सावधानी से भारत को वैश्विक संकट से मुक्ति दिलाएगा। लेकिन कुछ दल के नेता सकंट में समाधान ढूंढने के बजाय सियासी व्यवधान में जुट जाते हैं। ऐसे साजिशी सिंडीकेट से हमें सावधान रहना होगा।
नकवी ने कांग्रेस, सपा पर हमला करते हुए कहा कि लफ्फाजी और लंपटलाबी का सत्तालोलुपता सुरूर और गुरुर चुनावी मैदान में लगातार गच्चा खा रहा है। और इस बार भी उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा, कांग्रेस को झटका झेलना पड़ेगा। इनका परिवार तंत्र का जुगाड़ का जमघट भी जनादेश के पनघट पर नहीं पहुंच पाएगा। कहा कि मोदी और योगी का शासन समावेशी विकास समाज में सुरक्षा सम्मान, सशक्तिकरण की गारंटी है, और भाजपा सुशासन, भारत के सम्मान समृद्धि सुरक्षा के लिए जरूरी है क्योंकि भाजपा का विस्तार भारत के विकास से जुड़ा है।
उन्होंने नमाज पढ़ने के विषय को लेकर कहा कि नमाज पढ़ना ऊपर वाले के प्रति प्रार्थना करना है और सभी के कल्याण के प्रति इबादत करना है। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा बना रहे, रही बात सड़क पर नमाज पढ़ने की इससे आम जनता प्रभावित होगी और लोगों को आने जाने में दिक्कत होगी। इसलिए सभी मुस्लिम भाइयों को कानून का पालन करते हुए हमारे पुरखों द्वारा बनाए गए हजारों मस्जिदें हैं और ईदगाह हैं हम नमाज वहीं करें। जिससे आमजनों को परेशानी न हो। लेकिन कुछ चांडाल चौकड़ी के लोग नमाज के नाम सियासी सांप्रदायिकता फैलाना चाहते हैं, उससे हमें बच के रहना होगा। उन्होंने नीट परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले को लेकर कहा कि जो लोग विद्यार्थियों के जीवन के साथ खिलवाड़ किए हैं उनके साथ सख्ती से कार्रवाई की जाएं जिससे की आगे ऐसी घटना फिर न घटे।
भाजपा नेता राजेश केसरवानी ने बताया कि शाम को नकवी वरिष्ठ भाजपा नेता रामजी केसरवानी के नवनिर्मित होटल जीरो रोड पहुंचे और स्थानीय व्यापारी बंधुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा नेता रामजी केसरवानी, राजेश केसरवानी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा क्षेत्रीय मंत्री सैफुल अब्बास, रमेश पासी, नटवर लाल भारती, वसीम, शत्रुघ्न जायसवाल आदि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।