मऊ में 10 करोड़ से बनेगा आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने किया भूमिपूजन

-एक छत के नीचे मिलेंगी 18 से अधिक नगर पालिका सेवाएं, ‘वन डे गवर्नेंस’ से होगा त्वरित निस्तारण

मऊ में 10 करोड़ से बनेगा आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने किया भूमिपूजन

मऊ, 16 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ में रविवार काे प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर पालिका परिषद मऊ में प्रदेश के पांचवें आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र का भूमिपूजन किया। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र लगभग डेढ़ वर्ष में तैयार होगा। मंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि मऊ के नागरिकों को सरल, पारदर्शी और डिजिटल नगरीय सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है।



ए.के. शर्मा ने कहा कि मऊ में बनने वाला यह प्रदेश का पांचवां आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र होगा। इससे पहले अयोध्या, गाजियाबाद, गोरखपुर और लखनऊ में ऐसे केंद्र विकसित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना है। नए केंद्र के प्रथम तल पर नागरिक सेवाओं के लिए करीब 18 काउंटर बनाए जाएंगे। यहां जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, हाउस टैक्स, वाटर टैक्स समेत नगर पालिका की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से जुड़े कार्य एक ही स्थान पर कराए जा सकेंगे। केंद्र को ‘वन डे गवर्नेंस’ की अवधारणा के अनुरूप विकसित करने की योजना है, जिससे नागरिकों के काम कम से कम समय में पूरे हो सकें।



मऊ का यह केंद्र पारंपरिक सरकारी कार्यालयों से अलग होगा। भवन के निचले तल पर जनसुविधा केंद्र के साथ लाइब्रेरी, खान-पान और योग से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यानी नागरिक सरकारी कामकाज के साथ अध्ययन, स्वास्थ्य और अन्य उपयोगी गतिविधियों के लिए भी इस परिसर का इस्तेमाल कर सकेंगे।

मंत्री ने कहा कि नागरिक-केंद्रित सेवा मॉडल की प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते किए गए सुशासन और जनसेवा के प्रयासों से मिली है। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरलता से पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में इसी भावना को नगरीय सेवाओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।



कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मंत्री ए.के. शर्मा ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय राजभर, पूर्व विधायक उमेश पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष नूपुर अग्रवाल, नगर पालिका परिषद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।