स्वतंत्रता दिवस पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में गूंजेंगी वायु सेना बैंड की देशभक्ति धुनें

स्वतंत्रता दिवस पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में गूंजेंगी वायु सेना बैंड की देशभक्ति धुनें

स्वतंत्रता दिवस पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में गूंजेंगी वायु सेना बैंड की देशभक्ति धुनें

प्रयागराज, 13 अगस्त ।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना के प्रतिष्ठित नं. 4 एयर फोर्स बैंड की विशेष संगीत संध्या 15 अगस्त को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क, प्रयागराज में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। यह कार्यक्रम सभी के लिए निःशुल्क और खुला रहेगा। यह जानकारी गुरुवार को रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने दी।

उन्होंने बताया कि एयर फोर्स स्टेशन बमरौली की ओर से लगातार दूसरे वर्ष इस विशेष संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सैन्य धुनों, देशभक्ति गीतों, भारतीय मधुर धुनों और लोकप्रिय संगीत का आकर्षक संगम देखने-सुनने को मिलेगा।

1960 के दशक में हुई थी स्थापना

नं. 4 एयर फोर्स बैंड की स्थापना 1960 के दशक के प्रारंभ में हुई थी। प्रारंभ में इसे एयर फोर्स बैरकपुर की 6 विंग में स्थापित किया गया था। वर्ष 1973 से यह बैंड एयर फोर्स स्टेशन बमरौली, प्रयागराज में स्थित है।

बैंड में विभिन्न वाद्य यंत्रों में दक्ष एयर वारियर्स शामिल हैं। इनमें ब्रास, वुडविंड, रीड, स्ट्रिंग, इलेक्ट्रॉनिक और परकशन वाद्य यंत्र शामिल हैं। बैंड की प्रस्तुतियों में पारंपरिक सैन्य धुनों के साथ भारतीय राग, लोकप्रिय संगीत और आधुनिक संगीत का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।

कई देशों में कर चुका है भारत का प्रतिनिधित्व

नं. 4 एयर फोर्स बैंड ने देश-विदेश में अनेक प्रतिष्ठित आयोजनों में प्रस्तुति दी है। यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, इटली, जर्मनी, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश सहित कई देशों में बैंड ने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अंतरराष्ट्रीय सैन्य संगीत समारोहों में भी इसकी प्रस्तुतियों को सराहना मिली है।

देश में यह बैंड गार्ड ऑफ ऑनर, राष्ट्रपति मानक समारोह, पदभार ग्रहण एवं हस्तांतरण परेड, सामाजिक संध्याओं, गणतंत्र दिवस तथा बीटिंग रिट्रीट जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अपनी प्रस्तुति दे चुका है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर भी बैंड की प्रस्तुति भारतीय सैन्य परंपरा का हिस्सा रही है।

पिछले वर्ष भी दी थी शानदार प्रस्तुति

अगस्त 2025 में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नं. 4 एयर फोर्स बैंड ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में विशेष संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया था। सैन्य धुनों, देशभक्ति गीतों और मधुर संगीत की प्रस्तुति को बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने खूब सराहा था।

इस वर्ष भी आयोजित होने वाली संगीत संध्या के माध्यम से भारतीय वायु सेना और आम नागरिकों के बीच जुड़ाव को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने प्रयागराज के नागरिकों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचकर देशभक्ति से ओत-प्रोत इस विशेष संगीत संध्या का आनंद लेने की अपील की है। स्थान: अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क, प्रयागराज

15 अगस्त 2026,समय: शाम 6:30 बजे,प्रवेश: पूर्णतः निःशुल्क है।