महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को जल्द सुदृढ़ किया जाएगा : डॉ. संजीव गुप्ता

महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को जल्द सुदृढ़ किया जाएगा : डॉ. संजीव गुप्ता

महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को जल्द सुदृढ़ किया जाएगा : डॉ. संजीव गुप्ता

कानपुर, 17 अगस्त । महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के साथ व्यवस्थाओं को भी जल्द सुदृढ़ किया जाएगा। सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए महाविद्यालय की उन्नति में योगदान दें। यह बातें सोमवार को कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय परिसर के भ्रमण के दौरान चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहीं।

सीएसए के अधीन संचालित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय परिसर का कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने भ्रमण किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कुलपति ने महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों और शैक्षणिक कार्मिकों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सभी संकाय सदस्यों के साथ बैठक कर महाविद्यालय के शैक्षणिक कार्यों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) डी. सिंह ने कुलपति को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और वर्तमान व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। कुलपति ने महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संकाय सदस्यों और शिक्षणेत्तर कार्मिकों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और विकास के लिए मिलकर प्रयास करने को कहा। इस दौरान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. डी. सिंह ने कुलपति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। भ्रमण के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।