जौनपुर में MLC चुनाव को लेकर सपा की बैठक, लालबिहारी यादव और आशुतोष सिन्हा के नामांकन की तारीख तय

शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा, जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने की अपील की।

जौनपुर में MLC चुनाव को लेकर सपा की बैठक, लालबिहारी यादव और आशुतोष सिन्हा के नामांकन की तारीख तय

जौनपुर, 03 अक्टूबर । यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को जिला कार्यालय में पार्टी की मासिक बैठक और आगामी शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने शिक्षक प्रत्याशी एवं विधान परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव तथा स्नातक एमएलसी एवं प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा का स्वागत किया। जिला महासचिव आरिफ हबीब ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया।

लालबिहारी यादव ने कहा कि सपा ने अपने घोषणा पत्र में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने बताया कि उनका नामांकन पांच अक्टूबर को प्रस्तावित है।

आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने स्नातकों के हितों से जुड़े मुद्दों को सदन से सड़क तक मजबूती से उठाया है। सामाजिक न्याय और पीडीए समाज के अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी लगातार आवाज उठाई है। उन्होंने बताया कि छह अक्टूबर को वाराणसी में आयुक्त के समक्ष नामांकन दाखिल करेंगे।

जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए संगठन पूरी तरह तैयार है। कार्यकर्ता मतदाताओं से संपर्क और संवाद को तेज करें। उन्होंने सात अक्टूबर को लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत प्रस्तावित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की।

बैठक को पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, पंकज पटेल सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

अंत में अतीश सोनकर को अंबेडकर वाहिनी का जिला महासचिव मनोनीत किया गया। भाजपा छोड़कर आए वीरेंद्र चौहान को जिलाध्यक्ष ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।