ट्रिपल आईटी इलाहाबाद का 21वां दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को, 728 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां; 22 मेधावियों को पदक

झलवा परिसर में होने वाले समारोह में 466 स्नातक, 210 स्नातकोत्तर और 31 शोधार्थियों समेत 728 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्वर्ण, रजत और कांस्य सहित 22 पदक मिलेंगे।

ट्रिपल आईटी इलाहाबाद का 21वां दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को, 728 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां; 22 मेधावियों को पदक

प्रयागराज, 10 सितंबर । भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान इलाहाबाद (ट्रिपल आईटी) का 21वां दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को झलवा परिसर स्थित मुख्य सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह में संस्थान के 728 विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियां प्रदान की जाएंगी। मेधावी विद्यार्थियों को 22 पदक भी प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी गुरुवार को मीडिया से संस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने दी।

निदेशक ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), कोलकाता के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. अरविंद ए. नाटू होंगे। वह विद्यार्थियों को दीक्षांत संबोधन देंगे। प्रो. नाटू मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल के सदस्य हैं और वर्ष 2007 से जर्मन रिसर्च एंबेसडर के रूप में भी जुड़े हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में ‘विज्ञान श्री’ पुरस्कार से सम्मानित प्रो. भीम सिंह तथा डिसेक्यूट एआई के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी और ट्रिपल आईटी इलाहाबाद के पूर्व छात्र अपूर्व कुमार उपस्थित रहेंगे।

728 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियांसंस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 466 स्नातक, 210 स्नातकोत्तर, एमटेक-पीएचडी के 13 दोहरी उपाधि धारक, एमबीए-पीएचडी का एक विद्यार्थी, कार्यरत पेशेवरों के लिए पीएचडी के सात विद्यार्थी और 31 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।

स्नातक स्तर पर 281 विद्यार्थियों को बीटेक (आईटी), 140 को बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) तथा 45 विद्यार्थियों को बीटेक (बिजनेस इंफॉर्मेटिक्स) की उपाधि मिलेगी। इसके अलावा एमटेक, एमबीए और अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 210 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के उत्कृष्ट समग्र शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिव्यांश ओमर को अध्यक्ष स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। बीटेक (आईटी) में दिव्यांश ओमर को स्वर्ण, शाह आर्यन को रजत और इंदुरी नागा आदित्य रेड्डी को कांस्य पदक मिलेगा।बीटेक (ईसीई) में कासु साई उषाश्री को स्वर्ण, विधि अग्रवाल को रजत और ध्रुव अग्रवाल को कांस्य पदक दिया जाएगा। एमबीए में यश पंत को स्वर्ण, प्रशांत को रजत और मेघा केशवरानी को कांस्य पदक प्रदान किया जाएगा।एमटेक (आईटी) में मांसा पी.जे. को स्वर्ण, उत्कर्ष चौहान को रजत और उत्कर्ष कुमार को कांस्य पदक मिलेगा। एमटेक (ईसीई) में मोहम्मद कैफुद्दीन खान को स्वर्ण, दीपक जोशी को रजत और सुष्मा को कांस्य पदक प्रदान किया जाएगा।समारोह में छह एंडोमेंट पदक भी दिए जाएंगे। ये पदक मांसा महेंदरू, सृष्टि चक्रवर्ती, दिव्यांश ओमर, कासु साई उषाश्री, शाह आर्यन और स्वरूप डोरा को प्रदान किए जाएंगे।

शिक्षा और शोध में उत्कृष्टता पर जोरनिदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने कहा कि संस्थान वर्ष 1999 से सूचना प्रौद्योगिकी और उससे जुड़े विज्ञान के क्षेत्रों में शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में उपाधियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थी संस्थान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे और अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर योगदान देकर देश-विदेश में संस्थान का नाम रोशन करेंगे।उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार करने और शिक्षा के साथ उनके व्यावसायिक विकास पर भी जोर दिया।

प्रेस वार्ता में प्रो. अनुपम अग्रवाल, डीन-एलुमनी, प्रो. पवन चक्रवर्ती, डीन-एकेडमिक्स, प्रो. मंदार सुभाष कार्यकर्ते, कुलसचिव तथा जन संपर्क अधिकारी पंकज मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।