किक बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाली मानसी निषाद सम्मानित
किक बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाली मानसी निषाद सम्मानित
गोरखपुर, 23 अगस्त । किक बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली मानसी निषाद को रविवार को उनके गांव पहुंचकर सम्मानित किया गया। मानसी की सफलता के पीछे उनके माता-पिता के संघर्ष और हौसले की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। बेटी के खेल और प्रशिक्षण का खर्च उठाने के लिए उनकी मां अपने जेवर तक बेच चुकी हैं, लेकिन परिवार का हौसला आज भी कायम है।
मानसी निषाद पुत्री गंगा निषाद मूल रूप से चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भैसहा बाढ़न की निवासी हैं। वर्तमान में उनका परिवार रामपुर वार्ड नंबर-39, भगत चौराहा, गोरखपुर में रहता है। 23 मई को आगरा में आयोजित किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मानसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
मानसी वर्तमान में प्रयागराज में रहकर प्रशिक्षण ले रही हैं। उनका लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह लगातार कड़ी मेहनत और अभ्यास कर रही हैं।
रविवार को सुबह 11 बजे बंधू सिंह के पूर्वज एवं चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अजय सिंह टप्पू मानसी के गांव पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया। अजय सिंह टप्पू ने मानसी के माता-पिता के संघर्ष और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी बेटियों पर पूरे समाज को गर्व है।
अजय सिंह टप्पू ने कहा कि मानसी जिस मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही हैं, उससे उम्मीद है कि वह एक दिन ओलंपिक में देश का नाम रोशन करेंगी। उनकी सफलता से परिवार ही नहीं, बल्कि गांव और पूरे क्षेत्र का सीना गर्व से चौड़ा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज को उनके साथ खड़ा होना चाहिए, ताकि आर्थिक परिस्थितियां उनकी प्रतिभा और सपनों के रास्ते में बाधा न बनें।
सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। सभी ने मानसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
मानसी के पिता ने कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाली बेटियों को कभी अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से एक दिन सफलता जरूर मिलती है।