केशव मौर्य का दावा- 2027 में भाजपा की हैट्रिक नहीं रोक पाएगा विपक्ष, अखिलेश से मथुरा जाने की अपील
केशव मौर्य का दावा- 2027 में भाजपा की हैट्रिक नहीं रोक पाएगा विपक्ष, अखिलेश से मथुरा जाने की अपील
प्रयागराज, 18 नवंबर । सपा के साथ पूरा विपक्षी कुनबा भी एकजुट हो जाए तो वर्ष 2027 में भाजपा की हैट्रिक नहीं रोक पाएगा। जनता न तो सपा को देखना चाहती है और न ही उसके शासनकाल के गुंडाराज, जंगलराज और माफिया राज को भूली है। यह बातें बुधवार को प्रयागराज पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहीं। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा को पिछड़ों और दलितों को धोखा देने वाला बताते हुए कहा कि सपा की साइकिल पंचर होकर सैफई जाएगी। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह विदेशी शक्तियों के हाथों में खेल रहे हैं।
आजम खान को हाईकोर्ट से जमानत मिलने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय के फैसले पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी रहेगा। अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा के सवाल पर उन्होंने कहा कि पीडीए के नाम पर पिछड़ों और दलितों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। जनता का समर्थन सपा को नहीं मिल रहा है।
राहुल गांधी की ओर से भारत को आर्थिक रूप से कमजोर बताए जाने पर केशव मौर्य ने कहा कि भारत आज दुनिया की आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है। ऐसे में राहुल गांधी को भारत की आर्थिक स्थिति कमजोर दिखाई देना उनका दुःस्वप्न है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश भारत की बढ़ती ताकत को स्वीकार कर रहे हैं।
अखिलेश मथुरा जाकर श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण में सहयोग करें
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्मस्थान है और उस स्थान से देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। अयोध्या में जिस तरह भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर बने, ऐसी उनकी भावना है। इसके लिए न्यायिक, कानूनी और बातचीत सहित सभी रास्ते अपनाए जाने चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि वह अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है, इसलिए मथुरा जाएं और श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि धर्म और राष्ट्र अलग-अलग नहीं हैं। राधे-राधे कहने से विपक्ष को परेशानी क्यों होती है।
प्रयागराज के गौरव और गरिमा के लिए सभी संकल्प लें
होटल रामा कॉन्टिनेंटल में विकसित उत्तर प्रदेश, बदलता प्रयागराज विषय पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को प्रयागराज के गौरव और गरिमा को बढ़ाने के लिए काम करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। पार्टी संकल्प पत्र लेकर जनता के बीच जाएगी, लेकिन उससे पहले भी जनता के बीच जाकर उनकी अपेक्षाओं और जरूरतों को समझा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज की पहचान महर्षि भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर धाम, पांडेश्वर धाम, दशाश्वमेध घाट, नागवासुकी मंदिर और झूंसी जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से है। यहां भव्य दीपोत्सव का आयोजन हो रहा है। इन स्थलों का विकास प्रयागराज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दे रहा है। प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। यहां से दूसरे स्थानों पर चले गए कार्यालयों को वापस लाने और भविष्य में किसी कार्यालय को यहां से जाने से रोकने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज कभी प्रशासनिक सेवाओं की फैक्ट्री के रूप में जाना जाता था। ब्रिटिश काल में यह एक दिन के लिए देश की राजधानी भी बना था। पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी ने यहां पूरी विधानसभा की बैठक कराई थी। इस शहर का गौरव और सम्मान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और आरक्षण का पालन जरूरी
युवाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज में हजारों की संख्या में विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने आते हैं। वर्ष 2012 से 2017 के बीच भर्ती आयोगों में भ्रष्टाचार और नकल माफिया के सक्रिय होने की शिकायतें थीं। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और आरक्षण के पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार उसका लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला ही नहीं, बल्कि दूसरों को नौकरी देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना होगा। सरकार का खजाना विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए खुला है। कोई भी काम ऐसा नहीं है, जिसे प्रयास से पूरा नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, प्रदेश प्रवक्ता आशीष द्विवेदी, डॉ. वीके सिंह, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, दीपक पटेल, सुरेंद्र चौधरी, आनंद सोनकर, राजेंद्र मिश्र, अनुज कुशवाहा, विक्रमजीत भदौरिया, रमेश पासी, विजय श्रीवास्तव, विजय द्विवेदी, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, पार्षद आशीष द्विवेदी और किरन जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।