त्योहारों पर यात्रियों को राहत, आठ स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी

त्योहारों पर यात्रियों को राहत, आठ स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी

त्योहारों पर यात्रियों को राहत, आठ स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी

प्रयागराज, 28 अगस्त । आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने आठ स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के विस्तार से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे और त्योहारों के दौरान आवागमन में सुविधा होगी। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 09309 इंदौर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल का संचालन 30 अगस्त तक निर्धारित था। अब इसे 4 सितंबर से 27 नवंबर तक शुक्रवार और रविवार को चलाया जाएगा। इसके कुल 25 फेरे होंगे। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09310 हजरत निजामुद्दीन-इंदौर स्पेशल 5 सितंबर से 28 नवंबर तक शनिवार और सोमवार को चलेगी। इसके भी 25 फेरे होंगे।

वडोदरा-मऊ और मऊ-वडोदरा स्पेशल के संचालन में भी विस्तार किया गया है। गाड़ी संख्या 09195 वडोदरा-मऊ साप्ताहिक स्पेशल अब 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। इसके नौ फेरे होंगे। वहीं, गाड़ी संख्या 09196 मऊ-वडोदरा स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी और इसके भी नौ फेरे होंगे।

इसी तरह प्रतापनगर-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल (09119) 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। वापसी में लालकुआं-प्रतापनगर स्पेशल (09120) 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। दोनों ट्रेनों के नौ-नौ फेरे होंगे।सूरत-छपरा साप्ताहिक स्पेशल (09065)का संचालन भी बढ़ाया गया है। यह ट्रेन 20 अक्टूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी और इसके पांच फेरे होंगे। वापसी में छपरा-सूरत स्पेशल (09066) 21 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। इसके भी पांच फेरे निर्धारित किए गए हैं।

अमित मालवीय ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाई गई है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी और त्योहारों के दौरान घर आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।