भाजपा काशी क्षेत्र की नई कार्यसमिति घोषित, संगठन व सामाजिक समीकरण साधते हुए 16 जिलों को प्रतिनिधित्व
भाजपा काशी क्षेत्र की नई कार्यसमिति में 10 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 10 मंत्री और 12 सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी।
वाराणसी, 03 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले काशी क्षेत्र में पार्टी संगठन को और मजबूत करने की दिशा में क्षेत्रीय कार्यसमिति का गठन कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने गुरुवार को क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा की। नई टीम में काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों को प्रतिनिधित्व देते हुए सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन साधने का प्रयास किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने क्षेत्र में निवास करने वाले प्रमुख सामाजिक वर्गों को कार्यसमिति में समाहित करते हुए व्यापक प्रतिनिधित्व दिया है।
इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि कार्यसमिति के गठन में सभी 16 जिलों को प्रतिनिधित्व देने के साथ ही काशी क्षेत्र में निवास करने वाले प्रमुख सामाजिक वर्गों को स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि टीम तैयार करते समय सामाजिक समीकरण के साथ संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन का पूरा ध्यान रखा गया है। नई कार्यसमिति के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय तथा प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
नई क्षेत्रीय टीम में 10 उपाध्यक्ष, चार महामंत्री, 10 मंत्री और 12 सदस्य शामिल किए गए हैं। कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।
—16 जिलों के साथ सामाजिक संतुलन का संदेश
काशी क्षेत्र भाजपा के लिहाज से संगठनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। वाराणसी समेत पूर्वांचल के 16 जिलों में पार्टी संगठन की गतिविधियों के संचालन और समन्वय में क्षेत्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में नई टीम में अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के साथ सामाजिक समावेशन का संदेश दिया है।
—ये बने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष
नई कार्यसमिति में नवरतन राठी, विपीन सिंह, अवधेश गुप्ता, अनीता त्रिपाठी, सर्वेश कुशवाहा, अनिल श्रीवास्तव, सुनील पटेल, अमित राय, भानू प्रताप सिंह और राकेश शर्मा को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
—चार नेताओं को क्षेत्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी
क्षेत्रीय महामंत्री के रूप में कविता पटेल, विद्याधर तिवारी, अनूप जायसवाल और अजीत रावत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महामंत्रियों के सामने क्षेत्र के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों के बेहतर संचालन और समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
—10 क्षेत्रीय मंत्री बनाए गए
क्षेत्रीय मंत्री के रूप में सतीश पाण्डेय, प्रवीन सिंह गौतम, देवेन्द्र मौर्य, रामसुंदर निषाद, राजेश राजभर, विजय यादव, डॉ. अभिषेक रावत, शिवशंकर पटेल, जगदीश त्रिपाठी और अजीत सिंह को स्थान दिया गया है।
—12 नेताओं को कार्यसमिति सदस्य की जिम्मेदारी
क्षेत्रीय कार्यसमिति के सदस्यों में डॉ. उत्तम ओझा, अशोक मिश्रा, शशिकांत पाण्डेय, प्रमोद कुमार सिंह (सीए), विक्रम सिंह (बंटी), अखण्ड सिंह, सोनू पंडित, संजय सिंह त्रिलोक चंदी, रमेश पाण्डेय, सुबोध सिंह, अनिल गुप्ता और अजय उपाध्याय शामिल हैं।
—राष्ट्रीय सचिव समेत दिग्गजों ने दी नई टीम को बधाई
क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने नई टीम के पदाधिकारियों को बधाई दी। बधाई देने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री (प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या प्रमुख रहे। इसके अलावा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक टी. राम तथा सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर आदि रहे।