आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

सवर्ण स्वाभिमान मंच के नेतृत्व में हजारों लोग महाराणा प्रताप चौक से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। सवर्ण आयोग के गठन, आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और UCC लागू करने की मांग उठाई गई।

आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को लेकर सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

बांदा, 07 सितंबर । यूजीसी, एससी-एसटी एक्ट और आरक्षण व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सवर्ण स्वाभिमान मंच के तत्वाधान में सवर्ण समाज ने शक्ति प्रदर्शन किया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए हजारों लोग महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए, जहां से पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।



कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने परिसर में जमकर नारेबाजी की। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में सवर्ण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबाेधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सवर्ण आयोग के गठन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। स्वर्ण स्वाभिमान मंच के प्रमुख राजा कृष्णकांत तिवारी का कहना था कि समुदाय से जुड़े सामाजिक और आर्थिक मुद्दों के अध्ययन तथा उनके समाधान के लिए अलग आयोग का गठन किया जाना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने वर्तमान आरक्षण व्यवस्था में बदलाव करते हुए इसे जातिगत आधार के बजाय आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उनकी वास्तविक आर्थिक स्थिति के आधार पर शिक्षा और रोजगार में अवसर मिलने चाहिए। ज्ञापन में देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की मांग भी शामिल रही। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि नागरिक कानूनों के संबंध में देश में समान व्यवस्था लागू करने की दिशा में सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। मंच के प्रतिनिधियों ने सरकार से उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मंच के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।