बांदा में गांधी जयंती पर दिनभर होंगे कार्यक्रम, प्रभात फेरी, रक्तदान शिविर और खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बांदा में जिला प्रशासन की ओर से कई आयोजन होंगे। सुबह प्रभात फेरी से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जबकि जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर और फल वितरण किया जाएगा।
बांदा, 01 अक्टूबर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर यादव ने गुरुवार को बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह छह बजे रामलीला मैदान से प्रभात फेरी निकालकर की जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए डीएवी इंटर कॉलेज में समाप्त होगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के साथ-साथ ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ की टैग लाइन वाले बैनर, पोस्टर और झंडे लेकर शामिल होंगे।
प्रभात फेरी का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की देखरेख में होगा।
सुबह 8.30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत अधिकारी सफाई अभियान चलाएंगे। इसके बाद सुबह नौ बजे सभी राजकीय भवनों, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रपिता व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण, रामधुन गायन तथा गांधी जी के जीवन और विचारों पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। सुबह 9.30 बजे नगर पालिका परिषद परिसर में जिलाधिकारी गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसी समय कृषि विश्वविद्यालय के मवई बाईपास चौराहे से तिंदवारी रोड होते हुए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन जिला क्रीड़ाधिकारी की ओर से किया जाएगा।
गांधी जयंती के अवसर पर वार्ड नंबर दो चौसड़ जोगनी और वार्ड नंबर चार कैलाशपुरी में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सुबह 10 से 10.30 बजे तक जिला चिकित्सालय में मुख्य चिकित्साधिकारी की देखरेख में रक्तदान शिविर और फल वितरण कार्यक्रम होगा। इसी अवधि में नगर मजिस्ट्रेट की ओर से जिला कारागार में बंदियों को फल और मिष्ठान वितरित किया जाएगा। सुबह 11 बजे राजकीय महिला महाविद्यालय में गांधी चित्रकला, निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
नगर पालिका परिषद की ओर से नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था कराई जाएगी। सभी प्रमुख चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई और रंगाई-पुताई कराने के साथ माल्यार्पण भी कराया जाएगा।।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उप जिलाधिकारी भी अपनी-अपनी तहसीलों में इसी प्रकार गांधी जयंती के कार्यक्रम आयोजित कराएंगे।