राम मंदिर से लेकर शिक्षक भर्ती तक, अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

- प्रयागराज में प्रेस वार्ता में सपा मुखिया बोले— सरकार परीक्षाओं, आरक्षण और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर जवाब दे

राम मंदिर से लेकर शिक्षक भर्ती तक, अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

प्रयागराज, 28 जून । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार काे प्रयागराज में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े मामलों, शिक्षक भर्ती, कानून व्यवस्था और सरकारी कार्यप्रणाली में गंभीर अनियमितताएं हैं।

उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। अखिलेश यादव ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आरक्षण के प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि पिछड़े, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के साथ न्याय नहीं हुआ। राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा एवं दान चोरी मामले पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े विषयों में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार्य नहीं हो सकती।

उन्होंने चुनावी व्यवस्था, सरकारी नीतियों और प्रदेश के विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की तथा कहा कि जनता बदलाव चाहती है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार में आरक्षित सीटों की लूट हुई है। इसके साथ यह भी आरोप लगाया कि दस साल में बीस परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ हो चुका है। इसके तार कर्नाटक एवं गुजरात तक है। रामधन लूट का जनता हिसाब मांग रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान राम ने पोल खोल दिया। सनातनी अस्तब्द है। बीजेपी वाले चंदा एवं चढ़वा चोर निकले। मीडिया के सवाल जवाब देते हुए कहा कि पूजा पाल तो उपाध्यक्ष हैं। हमारे पास पाल समाज के कद्दावर नेता श्यामलाल पाल प्रदेश अध्यक्ष हैं।