युगपुरुष छत्रपति शाहूजी महाराज पिछड़ों, दलितों और वंचितों के मसीहा थे : मेघनाथ पटेल

—अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाई छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती

युगपुरुष छत्रपति शाहूजी महाराज पिछड़ों, दलितों और वंचितों के मसीहा थे : मेघनाथ पटेल

वाराणसी, 26 जून । सामाजिक न्याय और समता के प्रबल पक्षधर, सामाजिक क्रांति के अग्रदूत राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती को अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।

इस अवसर पर रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कनेरी मोहनसराय स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व विधानसभा प्रभारी मेघनाथ पटेल एवं विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया। कार्यकर्ताओं ने छत्रपति शाहूजी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को नमन किया। कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी मेघनाथ पटेल ने कहा, "युगपुरुष छत्रपति शाहूजी महाराज न केवल पिछड़ों, दलितों और वंचितों के मसीहा थे, बल्कि उन्होंने समाज में व्याप्त विषमता और कुरीतियों को दूर करने का साहसिक प्रयास किया।" उन्होंने महाराज के सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक योगदान को विस्तार से रेखांकित किया।

वहीं, विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि शाहूजी महाराज ने जाति-आधारित भेदभाव को समाप्त कर समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। "उनकी दूरदर्शी नीतियों और साहसी निर्णयों ने वंचित वर्गों को नई दिशा दी। इस अवसर पर पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, मुन्नालाल पटेल, प्रेम प्रकाश पटेल, दिनेश पटेल, चंद्रशेखर पटेल, राजकुमार वर्मा और डॉ. सुनीता पटेल समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और शाहूजी महाराज के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।