तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, परिजनों ने लगाया जाम

तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, परिजनों ने लगाया जाम

मीरजापुर, 28 मई । चुनार थाना क्षेत्र के कठेरवा गांव मोड़ के पास राजमार्ग-74 पर गुरुवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कठेरवा-सीखड़ मार्ग पर शव रखकर जाम लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

कठेरवा गांव निवासी रानी देवी (42) पत्नी ज्योति सिंह मगरहा स्थित अपने क्लिनिक से स्कूटी से घर लौट रही थीं। जैसे ही वह कठेरवा मोड़ से कुछ दूर आगे बढ़ीं, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला करीब 15 फीट ऊपर उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में स्कूटी और कार के परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार लोग कछवा थाना क्षेत्र के तुलापुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाया। मृतका के परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। रानी देवी ही परिवार की मुख्य सहारा थीं। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मौके पर क्षेत्राधिकारी मंजरी राव, चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह, कछवां थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस परिजन से वार्ता कर मामले को शांत कराने में जुटी रही