बस की टक्कर से महिला की मौत
बस की टक्कर से महिला की मौत
प्रयागराज, 23 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बस की टक्कर लगने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस को रोक लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस टीम ने परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त (गंगानगर) कुलदीप सिंह गुनावत ने साेमवार काे बताया कि हादसे में नवाबगंज थाना क्षेत्र के लीला का पूरा सम्हई मंसूराबाद गांव निवासी नीलू सरोज (65) की मौत हो गई है। घटना के संबंध में नीलू के पति अवधेश कुमार सरोज ने बताया कि रविवार रात नवरात्र के अवसर पर गांव की लगभग 50 महिलाएं जल चढ़ाने गई थीं। जल चढ़ाकर लौटते समय नीलू सरोज को एक बेकाबू बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल महिला को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।