जो श्रीराम का नहीं, वो किसी के काम का नहीं: निरहुआ

जो श्रीराम का नहीं, वो किसी के काम का नहीं: निरहुआ

जो श्रीराम का नहीं, वो किसी के काम का नहीं: निरहुआ

पूर्वी चंपारण, 06 नवंबर । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर भोजपुरी सुपरस्टार, पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने गुरुवार को रक्सौल प्रखंड के जटियाही स्थित एक निजी स्कूल के मैदान में आयोजित जनसभा में एनडीए प्रत्याशी प्रमोद कुमार सिन्हा के समर्थन में जनसमूह को संबोधित किया। मंच पर पहुंचते ही निरहुआ ने भोजपुरी अंदाज में कहा आप सभी लोगों के निरहुआ रिक्शावाला के प्रणाम बा। उपस्थित भीड़ ने “जय श्रीराम” के नारों से स्वागत किया, जिस पर निरहुआ ने भी “जय श्रीराम, जय श्रीराम” दोहराया तो पूरा मैदान तालियों और सीटियों से गूंज उठा।

उन्होंने कहा कि पिछली बार प्रमोद सिन्हा 40 हजार वोटों से जीते थे और इस बार अंतर और बढ़ना चाहिए। बिहार में विकास की रफ्तार पकड़ी है और इसे रुकने नहीं देना है। यह नौजवानों और माताओं-बहनों की सरकार है, जिसकी रफ्तार बनाए रखना जरूरी है। निरहुआ ने कहा कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग रक्सौल में हुई थी, जिसने उन्हें प्रसिद्धि दिलाई,इसलिए वे रक्सौल को कभी नहीं भूलते।

निरहुआ ने लोगों को भोजपुरी गीतों से झुमाया। गुलाबी कुर्ता, पीला गमछा और काला चश्मा पहने उन्होंने अपने प्रसिद्ध गीत “भोजपुरिया जवान ना सहे गुमान... निरहुआ रिक्शावाला” से लोगों को रोमांचित कर दिया। गीत के बोल “जे न करी गरीब संग इंसाफ हो, ए भैया हम रही ने ओकरा खिलाफ हो” पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। उन्होंने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है।विपक्ष पर हमला बोलते हुए निरहुआ ने कहा, “जो श्रीराम का नहीं, वो किसी के काम का नहीं... जो रामलला का हुआ नहीं, वो जानकी धाम का नहीं।”

उन्होंने मंच से “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारे लगवाए। सभा को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब पूरी तरह एनडीए के पक्ष में एकजुट है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे तालाब में मछली पकड़ने वाले नेता हैं, और अगर कोई कह दे कि पेड़ पर मछली मिलती है, तो वे पेड़ पर भी चढ़ जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को विकास की रफ्तार दी है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 125 यूनिट बिजली फ्री की है, बुजुर्गों का पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रुपए किया है और महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपए भेजे हैं। उन्होंने हाथ उठवाकर लोगों से बीजेपी प्रत्याशी प्रमोद सिन्हा को विजयी बनाने की अपील की।