शादी की खुशियां मातम में बदली, चिकन के 'लेग पीस' के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या
शादी की खुशियां मातम में बदली, चिकन के 'लेग पीस' के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या
गोरखपुर, 09 मई । जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिछिया इलाके से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक मैरेज हॉल में चल रहे शादी समारोह के दौरान खाने की प्लेट में 'चिकन लेग पीस' को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों ने एक युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बिछिया इलाके के एक मैरेज हॉल में विवाह उत्सव का माहौल था। मेहमान भोजन का आनंद ले रहे थे, तभी नॉन-वेज काउंटर पर 'लेग पीस' को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुँच गई।
आरोप है कि हमलावरों ने एक युवक पर लात-घूसों और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां चीख- पुकार में बदल गईं। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मैरेज हॉल में भगदड़ मच गई और कई मेहमान बिना खाना खाए ही वापस लौट गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मैरेज हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। एसपी सिटी ने शनिवार काे बताया कि इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मामूली बात पर विवाद शुरू हुआ था। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"