वाराणसी: देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना–2027 की तैयारिया शुरू

22 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में होगा मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का प्रथम चरण

वाराणसी: देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना–2027 की तैयारिया शुरू




वाराणसी, 09 फरवरी। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना–2027 की तैयारियाँ वाराणसी सहित पूरे देश में प्रारम्भ हो चुकी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी एवं निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश, शीतल वर्मा ने वाराणसी मंडल में जनगणना–2027 की तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में वाराणसी परिक्षेत्र के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम सहित मंडल के चारों जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में शीतल वर्मा ने जानकारी दी कि जनगणना–2027 दो चरणों में सम्पन्न कराई जाएगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ 22 मई से 20 जून तक कराया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में देशभर में जनसंख्या गणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक एवं आवासीय परिस्थितियों से संबंधित विस्तृत आंकड़े एकत्र किए जाएंगे, जो भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीति निर्माण के लिए आधार प्रदान करेंगे। जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की आधारभूत संरचना एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।

शीतल वर्मा ने बताया कि इस बार जनगणना का संचालन पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। पहली बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जिसके अंतर्गत नागरिक 7 से 21 मई 2026 के मध्य ऑनलाइन पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। मकान सूचीकरण के दौरान भवनों के उपयोग, निर्माण सामग्री, शौचालय की उपलब्धता, प्रकाश का स्रोत, खाना पकाने में प्रयुक्त ईंधन, मुख्य खाद्यान्न, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा सहित कुल 33 प्रकार की जानकारियों का डिजिटल संग्रह किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियाँ पूर्णतः गोपनीय रखी जाएँगी।

बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सभी जिलाधिकारियों को प्रभावी प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपयुक्त प्रशिक्षकों के चयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ अभी से पूर्ण कर ली जाएँ।

बैठक का समन्वय भारत सरकार के संयुक्त निदेशक (जनगणना) डॉ. एस. एस. शर्मा ने किया। बैठक में वाराणसी मंडल के चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त वाराणसी, सभी अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संयुक्त शिक्षा निदेशक, उपनिदेशक सूचना, उपनिदेशक पंचायती राज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।