वाराणसी : सिद्धगिरीबाग में निर्माणाधीन मकान का बारजा गिरा, मजदूर की मौत

वाराणसी : सिद्धगिरीबाग में निर्माणाधीन मकान का बारजा गिरा, मजदूर की मौत

वाराणसी, 17 फरवरी। सिगरा थाना क्षेत्र के सिद्धगिरीबाग इलाके में मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान का बारजा (छज्जा) अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मलबे के नीचे दबकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बाहर निकाला गया और इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिद्धगिरीबाग स्थित एक टीवीएस वाहन शोरूम की छत के ऊपर निर्माण कार्य चल रहा था। भवन के प्रथम तल पर मजदूर काम कर रहे थे, तभी छत पर बने बारजे का एक हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। मलबा सीधे नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिरने से वे उसमें दब गए।

मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकालकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद कछवां रोड निवासी दिनेश कुमार मौर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल मजदूर अमन मौर्य का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।