विश्व हिंदू रक्षा परिषद का सनातन धर्म पर टिप्पणियों के खिलाफ प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
विश्व हिंदू रक्षा परिषद का सनातन धर्म पर टिप्पणियों के खिलाफ प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
लखनऊ 4 दिसंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। हाथाें में फावड़ा लेकर नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बेरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया गया। प्रदर्शन के दौरान मौलाना मदनी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी और तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर के खिलाफ तीखा विरोध व्यक्त किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के खिलाफ की जा रही टिप्पणियाँ असहनीय हैं और हिंदू समाज की भावनाओं से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि ऐसे बयानों देने वाले नेताओं पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हो और सख्त कार्रवाई की जाए। राय ने यह भी कहा कि जिहादी विचारधारा वाले लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद देशभर में बड़ा आंदोलन करेगी। संगठन के नेता गोपाल राय ने लव जिहाद, लैंड जिहाद और शिक्षा जिहाद को समाज को बाँटने वाली गंभीर चुनौतियाँ बताया और कहा कि सरकार को इन पर जल्द निर्णायक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बताया कि हिंदू समाज को जागरूक करने और धार्मिक स्थलों की मर्यादा की रक्षा के लिए 5 दिसंबर को लखनऊ से मथुरा तक एक विशेष यात्रा निकाली जाएगी।