वाराणसी में कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू, छात्राओं पर पुष्पवर्षा

—हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज मैदागिन में छात्राओं पर पुष्पवर्षा,मुंह मीठा कराया

वाराणसी में कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू, छात्राओं पर पुष्पवर्षा

वाराणसी,18 फरवरी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। बुधवार को पहले दिन हिन्दी की परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षा शुरू होने के पहले सुबह परीक्षा केन्द्रों पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला,जहां परीक्षा देने पहुंची छात्राओं का स्वागत किसी उत्सव की तरह किया गया। मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र बालिका इंटर कालेज पहुंची परीक्षार्थियों पर कॉलेज की प्रधानाचार्य और शिक्षिकाओं ने पुष्पवर्षा की और उन्हें मिठाई खिलाई।

कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ.प्रियंका तिवारी ने बताया कि छात्राओं के मन से परीक्षा का तनाव दूर करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। जैसे ही छात्राएं परीक्षा केंद्र पर पहुंचीं,उन पर पुष्पवर्षा की गई। भारतीय परंपरा के अनुसार, सभी परीक्षार्थियों को तिलक लगाया गया और मिठाई खिलाकर उनका मुँह मीठा कराया गया।

उन्होंने कहा कि हाईस्कूल की छात्राओं के लिए यह जीवन की पहली बड़ी बोर्ड परीक्षा होती है। उनके मन में किसी भी प्रकार का डर या दबाव न रहे, इसलिए हमने इस तरह के आत्मीय स्वागत की योजना बनाई ताकि वे खुश होकर और सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपनी परीक्षा दे सकें। उन्होंने बताया कि विद्यालय में ​परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन और स्कूल प्रबंधन पूरी तरह सतर्क है।

जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने मीडिया कर्मियों को बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई है। 12 मार्च तक चलने वाली इन परीक्षाओं के लिए वाराणसी में कुल 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में इंटर और हाईस्कूल में इस बार कुल 92277 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिले में हाईस्कूल में 46300 जबकि इंटरमीडिएट में 45977 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में नकल माफियाओं पर पैनी नजर रखी जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी सर्विलांस पर रखा गया है। क्वींस कालेज में बने कमांड सेंटर से इन सभी पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था की निगरानी के लिए जिले को 12 सेक्टर और 8 जोन में बांटा गया है। इसके तहत 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर शिवपुर स्थित सेन्ट्रल जेल में भी सेंटर बनाया गया है।