नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत

नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत

नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत

बहराइच, 20 जून। जिले के नानपारा इलाके में शनिवार को भयंकर गर्मी से निजात पाने के लिए नदी में नहाने गए दो युवक डूब गए। कड़ी मशक्कत के बाद युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों की सहायता से उन्हें सीएचसी मिहीपुरवा पहुँचाया गया, जहां प्रारम्भिक जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मामला नानपारा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत नारायणपुर कला अन्तर्गत तप्ती दास मन्दिर के निकट का है। मृत युवकों की पहचान गोकुलपुर के रहने वाले अतुल कुमार वर्मा और अमित वर्मा के रूप में हुई है।

शनिवार को दोनों युवक गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए थे,गहरे पानी का अंदाजा न लगने के कारण वो नीचे उतर गए और नदी में डूबने लगे।

युवकों के बचाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुँचे और युवकों को बचाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों के प्रयास से दोनों को नदी के बाहर निकाला गया। ग्रामीण और परिजनों ने दोनों को सीएचसी मिहीपुरवा पहुँचाया, जहां प्रारम्भिक जांच में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नानपारा कोतवाली के एसआई मनीष यादव पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुँचे।उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसआई मनीष यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवकों की मौत डूबने से हुई है। शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।