तृणमूल नेता कृष्णेंदु नारायण चौधरी ने शुभेंदु को दी बधाई
तृणमूल नेता कृष्णेंदु नारायण चौधरी ने शुभेंदु को दी बधाई
मालदा, 09 मई । बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक शिष्टाचार के नये नये उदाहरण सामने आ रहे हैं। शनिवार सुबह शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण के तृणमूल नेताओं की तरफ से उन्हें बधाई मिलने लगी है। राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को इंग्लिश बाजार नगर पालिका के तृणमूल चेयरमैन और वरिष्ठ नेता कृष्णेंदु नारायण चौधरी ने शुभकामनाएं दी हैं।
इस बारे में कृष्णेंदु नारायण चौधरी ने कहा, “बहुत कम उम्र में शुभेंदु मुख्यमंत्री बने है। मैं उन्हें लंबे समय से जानता हूं। उनके पिता शिशिर अधिकारी के साथ हमने राजनीति की है।”
उन्होंने यह भी याद किया कि जब शुभेंदु तृणमूल के मालदा जिला पर्यवेक्षक थे, तब उनके साथ काम करने का अनुभव रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुभेंदु के नेतृत्व में बंगाल सामाजिक, आर्थिक, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
हालांकि, कृष्णेंदु की इस पहल ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। हाल ही में उन्होंने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि “उन्होंने पार्टी को धीरे-धीरे खत्म कर दिया है।” ऐसे में अब भाजपा मुख्यमंत्री को औपचारिक बधाई भेजना नई अटकलों को हवा दे रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति भी हो सकती है। उत्तर बंगाल की राजनीति में कृष्णेंदु का प्रभाव काफी मजबूत माना जाता है।
ऐसे में उनके इस रुख से मालदा जिले में तृणमूल के भीतर संभावित बदलाव की अटकलें तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या आने वाले समय में इंग्लिश बाजार नगर पालिका में भी राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।