वडोदरा में एक्सप्रेस-वे पर कार में लगी आग, एक व्यक्ति जिंदा जला
वडोदरा में एक्सप्रेस-वे पर कार में लगी आग, एक व्यक्ति जिंदा जला
वडोदरा, 09 मई । दिल्ली-मुंबई भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक वडोदरा में सड़क हादसा हो गया। यहां पादरा के पास से गुजर रही एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की चपेट में आ गई। कार चला रहा व्यक्ति समय रहते बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आज सुबह पादरा के पास एक्सप्रेस-वे पर चल रही कार से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि हाइवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी रुक गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही वडोदरा फायर ब्रिगेड के वासणा फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी कार जल चुकी थी।
स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार से जले हुए शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय पुलिस ने बताया की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद चालक घबरा गया था और कार के दरवाजे लॉक हो जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका होगा। फिलहाल पुलिस आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है।