वाराणसी घुमने आए पर्यटकों से गंगा में लाइफ जैकेट पहनकर नाव में बैठने की अपील

—नमामि गंगे ने सुरक्षा और स्वच्छता के लिए किया जागरूक

वाराणसी घुमने आए पर्यटकों से गंगा में लाइफ जैकेट पहनकर नाव में बैठने की अपील

वाराणसी,18 फरवरी । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बीते दिनों गंगा नदी में हुए हादसे को लेकर बुधवार को नाविकों और पर्यटकों में जागरूकता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे के सदस्यों ने लोगों से गंगा की सफाई और खुद की सुरक्षा की अपील की। सदस्यों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर आस्था के साथ स्वच्छता और सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए सचेत किया। ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से अपील की गई कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान दें, घाट पर अत्यधिक भीड़ में जाने से बचें। जागरूकता के दौरान मेक्सिको से आए विदेशी सैलानियों ने भी जागरूकता अभियान में सहभागिता की ‌।

अभियान में शामिल नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने नावों पर सवार श्रद्धालुओं को लाइफ जैकेट के साथ गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने का आवाह्न किया। श्रद्धालुओं और नाविकों से भी कहा गया कि वह लाइफ जैकेट अवश्य पहनें और पहनाएं। गंगा द्वार पर स्वच्छता स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया। कहा गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा बहुत जरूरी है। श्रद्धालुओं से अपील है कि अत्यधिक भीड़ से बचें, नावों पर बैठते समय लाइफ जैकेट अवश्य पहनें। नाव पर बैठने की क्षमता के अनुसार ही बैठें। गंगा किनारे की स्वच्छता का विशेष ख्याल रखें। अभियान में निशिता, सुधाकर अजीत, कृष्णा एवं नाविकों ने भी भागीदारी की।