हर हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय
हर हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय
महोबा, 15 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में रविवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व देवालयों और शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी है। भक्तों ने आराध्य देव भोलेनाथ को जल चढ़ाकर अपने घर परिवार और राष्ट्र कल्याण की कामना की है तो वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल मुस्तैद रहा है।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद मुख्यालय में भगवान श्री राम के तीर्थ स्थल श्री रामकुंड धाम परिसर स्थित श्री उमंगेश्वर ज्योतिर्लिंग शिवालय के महंत पंडित शिव किशोर पाण्डेय ने बताया कि आज के दिन भगवान भोले नाथ दूल्हा बने थे और उनका पार्वती माता से विवाह हुआ था। सुबह से ही मंदिर में भक्तों, श्रद्दालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है । बताया कि मुख्यालय में चारों दिशाओं में भोले बाबा बैठे हुए हैं, जोकि नगरवासियों की रक्षा करते हैं।
इसके साथ ही जिले के प्रशासनिक, पुलिस व न्यायिक विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों सहित आम जन सपरिवार ज्योतिर्लिंगों के पूजन, दर्शनों को पहुंचे। भक्तों ने गंगाजल, दूध दही, शहद, भाँग धतूरा, घी, अबीर गुलाल, बेल पत्रों, बेल फलों व मालाओं फूलों से अभिषेक किया व प्रसाद अर्पण कर भगवान की आरती की। सम्पूर्ण वातावरण में घंटा धड़ियाल डमरू के साथ जयकारों के उद्घघोष गूँजते रहे। भक्ति पूर्ण वातावरण से सभी आनंदित हुए। तो वहीं भक्तों ने रामकुंड धाम में पिछले नों दिनों से चल रही भव्य व दिव्य श्रीराम कथा का भी श्रवण किया और हर हर महादेव के जयकारे लगाए हैं।