प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर वंदे भारत ठहराव का महापौर ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ

-प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर स्थानीय कार्यक्रम का आयोजन

प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर वंदे भारत ठहराव का महापौर ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ

प्रयागराज, 08 नवम्बर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बनारस से 4 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारम्भ किया। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया ।

प्रारम्भ में प्रयागराज मंडल के अपर मण्डल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक दीपक पटेल एवं गुरु प्रसाद मौर्य सहित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाेग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जनसमूह को सम्बोधित करते हुए महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया और रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं की ट्रेन बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस का उनके क्षेत्र में पड़ने वाले प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर ठहराव किया गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस में सुखद एवं आरामदायक यात्रा के लिए उन्नत सुविधाएं प्रदान की गई हैं। प्रधानमंत्री द्वारा बनारस से खजुराहो तक वंदेभारत एक्सप्रेस का शुभारम्भ किया गया है। इस नई प्रीमियम सेवा का ठहराव हमारे मंडल के विंध्याचल एवं प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर दिया गया है। यह निर्णय हजारों यात्रियों की यात्रा को और अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं द्रुतगामी बनाएगा। इसके साथ प्रयागराज मंडल से संचालित वंदे भारत ट्रेनों की संख्या अब 06 हो गई है जो हमारे लिए गर्व का विषय है। भारतीय रेल देश की जीवन रेखा है और प्रयागराज मंडल इसका अभिन्न हिस्सा है।

अपर मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि प्रयागराज मण्डल में किए जा रहे विकास कार्यों से यात्री सुविधाओं में नए मानक स्थापित हो रहे हैं। इस वर्ष मंडल में विभिन्न स्टेशनों पर 9 नए पैदल उपरिगामी पुलों का निर्माण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अब 32 एस्केलेटर एवं 55 लिफ्टें कार्यरत हैं। मंडल में प्रतिदिन 157 ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से संचालित की जा रही हैं, जिनमें वंदे भारत और राजधानी जैसी प्रीमियम सेवाएं शामिल हैं। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर उन्नत श्रेणी की यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।

यात्रियों की सुविधा और अनुभव को बेहतर बनाने के लिए मंडल में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। स्टेशन पुनर्विकास, नई लिफ्ट व एस्केलेटर, बेबी फीडिंग पॉड्स, आधुनिक प्रतीक्षालय और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 16 स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। इनमें से गोविंदपुरी और करछना स्टेशन का लोकार्पण मई 2025 में हो चुका है। स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल का कार्य प्रगति पर है।

विधायक दीपक पटेल ने कहा कि 8 कोचों वाली यह वातानुकूलित, आधुनिक वंदे भारत ट्रेन यात्रियों को तीव्र, सुरक्षित और अत्यंत आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। वाराणसी से खजुराहो के मध्य इस ट्रेन के संचालन से पूर्वांचल और बुंदेलखंड क्षेत्र के बीच तीव्र, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित होगा। इस नई वंदे भारत ट्रेन से उत्तर प्रदेश के संस्कृतिक एवं आध्यात्मिक शहर बनारस एवं प्रयागराज और मध्य प्रदेश के सतना व वैश्विक पर्यटन शहर खजुराहो के मध्य यात्रा तेज सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगी।

इस अवसर पर प्रयागराज में आयोजित की गई निबंध प्रतियोगिता में बृजराज सिंह गर्ल्स पीजी कॉलेज नैनी की अनामिका ने प्रथम, श्वेतांजल ने द्वितीय एवं खुशी यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में जैनब खातून ने प्रथम, दीक्षा गिरी ने द्वितीय एवं आकांक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह निबंध प्रतियोगिता में इंद्रा गर्ल्स जूनियर हाई स्कूल नैनी की तनु सिंह ने प्रथम, सगुन कृष्णा ने द्वितीय, माही पथिक ने तृतीय एवं चित्रकला प्रतियोगिता में अथर्व कुमार कृष्णा ने प्रथम, वंश पथिक ने द्वितीय एवं अक्षय पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यकम के दौरान विजेता बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन वासुदेव पाण्डेय ने किया।