डिप्टी सीएम ने 24 अंशकालिक अनुदेशकों को मानदेय के डेमो चेक दिए
अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी : केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 17 मई । अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम भव्य एवं ऐतिहासिक वातावरण में रविवार को जिला पंचायत सभागार में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चयनित 24 अंशकालिक अनुदेशकों को 17,000 रूपये के बढ़े हुए मानदेय के डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षकों, अंशकालिक अनुदेशकों एवं शिक्षा कर्मियों के सम्मान, आर्थिक सशक्तिकरण और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और बढ़ा हुआ मानदेय उनके समर्पण, परिश्रम तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान का सम्मान है।
अतिथियों ने अंशकालिक अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे शिक्षक सम्मान एवं शिक्षा उन्नयन की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। अंत में बीएसए अनिल कुमार ने अतिथियों, जन प्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं अनुदेशकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संयोजन में डीसी विकास पाण्डेय, मिड डे मील समन्वयक राजीव त्रिपाठी, अंतरिक्ष शुक्ला, शत्रुंजय शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके पूर्व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का स्वागत डीएम मनीष कुमार वर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर किया। सीडीओ हर्षिका सिंह ने स्वागत करते हुए अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का अभिनंदन किया।
मंच पर महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रताप, जेडी आरएन विश्वकर्मा सहित अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।