नवरात्र पर्व को सकुशल संपन्न कराने को पुख्ता इंतजाम, माता रानी के दरबार में उमड़ी भक्तों की भीड़

नवरात्र पर्व को सकुशल संपन्न कराने को पुख्ता इंतजाम, माता रानी के दरबार में उमड़ी भक्तों की भीड़

नवरात्र पर्व को सकुशल संपन्न कराने को पुख्ता इंतजाम, माता रानी के दरबार में उमड़ी भक्तों की भीड़

प्रयागराज, 19 मार्च । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज में चैत्र नवरात्र पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रमुख देवी मंदिरों में—मां आलोप शंकरी देवी मंदिर, कल्याणी देवी मंदिर और मां ललिता देवी मंदिर—में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है, ताकि सुचारु रूप से दर्शन कराए जा सकें। इसके साथ ही परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।

नवरात्र के प्रथम दिन से ही सभी देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं, श्रद्धालु अपने-अपने घरों में कलश स्थापना कर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना में जुट गए हैं।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नवरात्र पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है। सभी प्रमुख मंदिरों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है तथा लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।