बलिया में यूपी-बिहार सीमा पर होगी कड़ी निगरानी
बलिया में यूपी-बिहार सीमा पर होगी कड़ी निगरानी
बलिया, 13 नवंबर । बिहार की ओर से जिले में आने-जाने वाले ट्रकों के अवैध परिवहन और उससे राजस्व की क्षति की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम ने बिहार से लगी सीमा पर भरौली और माझी में निगरानी के लिए तकनीक का सहारा लेने का निर्देश दिया है।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भरौली मार्ग से प्रतिदिन लगभग 700 ट्रक गुजरते हैं। कई ट्रक चालक आईएसटीपी (इंटर स्टेट ट्रांजिट पास) से बचने के लिए नंबर प्लेट ढकने या बदलने जैसी अवैध हरकतें करते हैं, जिससे प्रतिदिन कई लाख रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि भरौली पुल पर उच्च गुणवत्ता के कैमरे लगाकर उन्हें आईएसआईपी सिस्टम से जोड़ा जाए। साथ ही माझीघाट पर भी कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश खनन अधिकारी को दिया गया।
उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर 24 घंटे निगरानी के लिए परिवहन विभाग, खनन विभाग, पुलिस एवं एक मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम बनाई जाए। एक टीम भरौली पुल और दूसरी टीम माझीघाट पर तैनात रहेगी।
जिलाधिकारी ने परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि जुर्माना न देने वाले ट्रक मालिकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए वसूली की जाए, एफआईआर दर्ज कर लाइसेंस निरस्त किए जाएं ताकि अन्य लोग भी सबक लें। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह व एडीएम अनिल कुमार उपस्थित रहे।