खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं : डॉ निमिषा सिंह कुशवाहा
खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं : डॉ निमिषा सिंह कुशवाहा
कानपुर, 25 अप्रैल। खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं, इससे अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, विश्वविद्यालय में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं, खेलों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच मिलता है। यह बातें क्रीड़ा सचिव डॉ निमिषा सिंह कुशवाहा ने कही।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित इंट्राम्यूरल प्रतियोगिताओं का समापन समारोह आज नवनिर्मित जिम्नेजियम हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन क्रीड़ा सचिव डॉ निमिषा सिंह कुशवाहा, विभागाध्यक्ष डॉ श्रवण कुमार यादव एवं इंट्राम्यूरल सचिव अभिषेक मिश्रा द्वारा किया गया।
शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक शनिवार को आयोजित इन प्रतियोगिताओं में इस सत्र में कुल 11 खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए भगत सिंह हॉउस ने छह प्रतियोगिताएं जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि आजाद हॉउस ने तीन प्रतियोगिताएं जीतकर उपविजेता स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी प्रतियोगिता के लिए बेस्ट होस्टिंग अवार्ड आजाद हॉउस को प्रदान किया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ कप्तान का पुरस्कार शिवाजी हॉउस के कप्तान प्रशांत प्रताप सिंह को मिला। पुरुष वर्ग में प्रत्यूष त्रिपाठी एवं महिला वर्ग में प्रज्ञा कुशवाहा को सत्र का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
फेयर प्ले अवार्ड शिवाजी हॉउस को दिया गया। समापन समारोह में डॉ प्रभाकर पांडे, डॉ आशीष कुमार कटियार, डॉ सौरभ तिवारी, डॉ राघवेन्द्र चतुर्वेदी, धर्मेंद्र कुमार, योग प्रशिक्षका सोनाली धनवानी, शुभम हजारिया एवं अश्वनी मिश्रा सहित अन्य शिक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।