मीरजापुर में 20 लाख के मादक पदार्थ संग तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर में 20 लाख के मादक पदार्थ संग तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 15 जून । जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कटरा पुलिस ने सोमवार को 110.08 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नीतेश सिंह के नेतृत्व में सोमवार को थाना कटरा पुलिस टीम ने एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए लोहदी रोड स्थित चोरवाबारी के पास से मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान चोरवाबारी निवासी जय प्रकाश मौर्या के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 110.08 ग्राम अवैध हेरोइन, हेरोइन बिक्री से प्राप्त 6,820 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन के अलावा हेरोइन की पैकिंग में प्रयुक्त छोटी प्लास्टिक की पन्नियां बरामद की। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।