जौनपुर में आंधी-बारिश, उमस और गर्मी से लोगों को मिली राहत
जौनपुर में आंधी-बारिश, उमस और गर्मी से लोगों को मिली राहत
जौनपुर, 29 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बीते एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बुधवार को बड़ी राहत मिली। सुबह से ही तेज धूप के कारण लोग बेहाल रहे। दोपहर के समय हल्के बादल छाए रहे। हालांकि शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली और तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। अपराह्न लगभग चार बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। सड़कों पर धूल का गुबार छा गया। देखते ही देखते मौसम पूरी तरह बदल गया। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के कारण दिन में ही अंधेरा सा छा गया और लोगों को वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली। बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते नजर आए। वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। हालांकि, तेज आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें सामने आई हैं। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी इसी तरह मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है।