गुमशुदा मासूम का शव पानी के टैंक में मिलने से मचा हड़कंप,हत्या की आशंका
गुमशुदा मासूम का शव पानी के टैंक में मिलने से मचा हड़कंप,हत्या की आशंका
बहराइच, 17 मई । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला प्रकाश में आया है। यहाँ कोतवाली नानपारा क्षेत्र के ग्राम पंचायत महोली शेर खान में एक 5 साल के मासूम बच्चे का शव पानी से भरे गड्ढे में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई ।
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले राजू का 5 वर्षीय बेटा ताजुद्दीन शनिवार दोपहर बाद करीब 4 बजे घर से बाहर खेलने निकला था, लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों के होश उड़ गए। पूरी रात परिवार और ग्रामीणों ने मासूम की तलाश की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। परेशान होकर परिजनों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।
लेकिन रविवार की सुबह इस तलाश का अंत बेहद दर्दनाक रहा। सुबह करीब 7 बजे घर के ही पास बने एक 10 फीट गहरे पानी के गड्ढे में मासूम ताजुद्दीन का पैर दिखाई दिया। शव मिलते ही कोहराम मच गया।
इस मामले में एक बड़ा तथ्य तब आया जब मृतक बच्चे के पिता राजू ने अपनी ही संतान की हत्या की आशंका जताई। पिता का सीधे तौर पर आरोप है कि शनिवार की रात उन्होंने खुद उस गड्ढे में बच्चे को ढूंढा था, लेकिन तब वहाँ कुछ नहीं था। उनका आरोप है कि किसी ने उनके बच्चे की हत्या की है ।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले पर नानपारा कोतवाली प्रभारी राजनाथ सिंह का कहना है कि बच्चे का शव पास के गड्ढे में मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
मासूम ताजुद्दीन की मौत आखिर एक हादसा है या इसके पीछे कोई खौफनाक साजिश? यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया तफ्तीश के बाद ही साफ हो पाएगा।