मीरजापुर में नीलगाय का मांस बरामद,आरोपित परिवार समेत फरार

मीरजापुर में नीलगाय का मांस बरामद,आरोपित परिवार समेत फरार

मीरजापुर में नीलगाय का मांस बरामद,आरोपित परिवार समेत फरार

मीरजापुर, 05 फ़रवरी। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बबुरा खुर्द गांव में गुरुवार सुबह नीलगाय का मांस बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम के आने से पहले ही गृहस्वामी अपने परिवार समेत घर छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीमें आरोपितों की तलाश में जुटी हैं।

बबुरा खुर्द गांव निवासी दीन मोहम्मद उर्फ लंगड़ का गांव के तालाब के भीटे पर पक्का मकान है। गांव के एक व्यक्ति ने वन विभाग और ड्रमंडगंज थाना

पुलिस को सूचना दी कि दीन मोहम्मद के मकान में नीलगाय का मांस रखा गया है। सूचना मिलते ही कार्यवाहक थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज विनोद कुमार सिंह, एसआई टीपी सिंह, एसआई मूलचंद वर्मा के साथ वन दरोगा सर्वेश्वर पटेल, कुमार कार्तिकेय मौर्य और वनरक्षक अंकुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

तलाशी में बेड के नीचे रखे बड़े टब और बोरी से करीब 40 किलो नीलगाय का मांस बरामद हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि यह मांस बेचने के उद्देश्य से घर में रखा गया था। बरामद मांस को थाने ले जाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

इस मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विभाग जंगली जानवरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। यदि समय-समय पर गश्त होती तो नीलगाय का शिकार रोका जा सकता था।

इस मामले में वन दरोगा सर्वेश्वर पटेल का कहना है कि बरामद मांस प्रयागराज जिले से लाया गया था, जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है।

वहीं, क्षेत्रीय वन अधिकारी ड्रमंडगंज वीरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि बरामद नीलगाय के मांस के पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्साधिकारी हलिया कमलेश कुमार को सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपितों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।