नवरात्र पर्व : प्रयागराज की शक्तिपीठों में पहले दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

नवरात्र पर्व : प्रयागराज की शक्तिपीठों में पहले दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

नवरात्र पर्व : प्रयागराज की शक्तिपीठों में पहले दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

प्रयागराज, 19 मार्च । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज में चैत्र नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही शक्तिपीठों और मां दुर्गा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पहले दिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की है।

भीड़ प्रबंधन के लिए नई व्यवस्था लागू

नवरात्र के दौरान मंदिरों में सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। कतारों के दोनों ओर पंखों की व्यवस्था की गई है, वहीं शेड के अंदर लाइन लगाई जा रही है ताकि लोगों को धूप और गर्मी से राहत मिल सके।

मां आलोप शंकरी शक्तिपीठ के मुख्य पुजारी शिवानंद के अनुसार मंदिर परिसर में शुद्ध पेयजल के लिए आरओ लगाए गए हैं। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर गर्भगृह से लेकर बाहरी मार्गों तक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। भीड़ बढ़ने पर ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। नगर निगम के महापौर उमेश चंद गणेश केसरवानी ने बताया कि नवरात्र के दौरान सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। सफाई कर्मियों की टीमें लगातार तैनात हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

124 करोड़ की लागत से हुआ बुनियादी ढांचे का विकास

प्रयागराज मंडल में शक्तिपीठों और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास के लिए पर्यटन विभाग और धर्मार्थ कार्य विभाग द्वारा व्यापक कार्य किए गए हैं। सरकार के प्रयासों से मंदिरों के सौंदर्यीकरण, कॉरिडोर निर्माण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

पर्यटन विभाग द्वारा मां आलोप शंकरी शक्तिपीठ के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये तथा मां कल्याणी देवी मंदिर के लिए 1.01 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, यात्री शेड, शौचालय, पेयजल, साइनेज, साफ-सफाई और फसाड लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।

इसके अतिरिक्त बेल्हा धाम शक्तिपीठ में 2.83 करोड़ रुपये से पक्के घाट का निर्माण तथा मां शीतला धाम मंदिर में 2.60 करोड़ रुपये की लागत से घाट एवं आरती स्थल का निर्माण कराया गया है। प्रयागराज मंडल के विभिन्न शक्तिपीठों और मंदिरों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए संपर्क मार्गों का भी विकास किया गया है, जिस पर कुल 124 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई है। नवरात्र के दौरान इन व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और मंदिरों में दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।