उरई में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयाेजन, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
उरई में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयाेजन, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
उरई, 28 अगस्त । जनपद में मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने महत्वपूर्ण बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह भव्य आयोजन 29 से 31 अगस्त तक इंदिरा स्टेडियम, उरई में किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करना और आम जनमानस को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संघों, क्लबों , एनएसएस व एनसीसी के कैडेट्स की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त को विभागीय कर्मचारियों के बीच आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं से होगी। इसी दिन सुबह 10 बजे लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण इंदिरा स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। दूसरे दिन निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही योग एवं फिटनेस सत्र भी रखे गए हैं। तीन दिवसीय समारोह का समापन "Sunday on Cycle" कार्यक्रम के साथ होगा। इस साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के प्रति प्रेरित करना है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद के माननीय प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों और जनपद के प्रतिष्ठित व पूर्व खिलाड़ियों को इस आयोजन में आमंत्रित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें और राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन को जनपद में एक उत्सव के रूप में मनाएं।
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अर्चना सिंह, क्रीड़ा अधिकारी शैलेंद्र कुमार सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।