घर की तीसरी मंजिल से गिरकर नगर निगम संविदा कर्मी की मौत
घर की तीसरी मंजिल से गिरकर नगर निगम संविदा कर्मी की मौत
प्रयागराज, 09 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में चकिया मोहल्ले में रविवार देर तीसरे मंजिल से गिरकर नगर निगम के संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रयागराज के कीडगंज थाना क्षेत्र में स्थित मधवापुर बैरहना निवासी रंजीत सिंह (50) पुत्र राधेश्याम अपने तीन बेटों और पत्नी कल्पना सिंह के साथ खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चकिया मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहता था। नगर निगम में स्ट्रीट लाइट का काम करता था। रविवार रात वह तीसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद उपचार के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत नाज़ुक होने की वजह स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।